Saturday, 8 February 2014

एक आने के दो समोसे.

एक आने के दो समोसे.
...आनन्द विश्वास

बात उन दिनों की है जब एक आने के दो समोसे आते थे और एक रुपये का सोलह सेर गुड़। अठन्नी-चवन्नी का जमाना था तब। प्राइमरी स्कूल के बच्चे पेन-पेन्सिल से कागज पर नहीं, बल्कि नैज़े या सरकण्डे की बनी कलम से खड़िया की सफेद स्याही से, लकड़ी के तख्ते की बनी हुई पट्टी पर लिखा करते थे।
वो दिन भी क्या दिन थे जब लकड़ी की पट्टी को काँच के बने घुट्टे से घिस-घिसकर चिकना किया जाता था। उस पर लिखने में मजा ही कुछ और था। पट्टी के एक ओर एक से सौ तक की गिनती और दूसरी ओर दो से दस तक के पहाड़े लिख कर मास्टर जी को दिखाना और फिर उसे पानी से धो देना। इसके बाद गीली पट्टी की मुठिया को पकड़ कर हवा में जोर-जोर से हिला-हिला कर सुखाया जाता था और उसके साथ ही गाना गाने का आनन्द भी तो उतना ही सुखद और आनन्द-दायी होता था जब क्लास के सभी बच्चे मिलकर गाना गाते थे और गाना गा-गाकर भीगी हुई पट्टी सुखाते थे। सब को याद था ये गाना...
सुख-सुख   पट्टी,  चन्दन   घुट्टी।
राजा   आये,   महल   बनाया।।
महल  के  ऊपर  झप्पड़  छाया।
झप्पड़ गया टूट, पट्टी गई सूख।।
हाँलाकि इस गाने का अर्थ तो आज तक मुझे पता नहीं चल सका। पर हाँ, इतना जरूर था कि पट्टी तो सूख ही जाती थी। पता नहीं, हो सकता है इसके पीछे कोई तर्क रहा हो। पर कोई बात तो जरूर ही रही होगी, इस प्रकार से सामूहिक गाना गाने की। अपने बुगुर्जों के कार्य करने की शैली और उनकी बुद्धिमत्ता पर जरा भी संशय करना या कोई प्रश्न उठाना, उचित सा तो नहीं लगता।
शायद बच्चों को गाना सिखाने का उद्देश्य तो अवश्य ही रहा होगा। आजकल जैसे गाने, तब शायद नहीं थे। जौनी-जौनी यस पापा या बाबा ब्लैक शीप या टिंक्वल-टिंक्वल लिटल स्टार जैसे गानों का प्रचलन ही कहाँ था तब। अंग्रेज और अंग्रेज़ियत का प्रभाव, इतना नहीं था तब, जितना अब और आजकल है। तब तो हिन्दी, हिन्दुस्तान और हिन्दुस्तानियत की बू उतनी ही गर्व की बात मानी जाती थी, जितनी कि आजकल अंग्रेजी और अंग्रेज़ियत की बू। 
और जब पट्टी सूख जाती थी, तब उसे काँच के घुट्टे से घिस-घिस कर चिकना करने और फिर सरकण्डे की बनी कलम से लिखने में जो आनन्द आता था वह आनन्द आज के इस फैशनेबिल लैपटॉप या कम्प्यूटर की की-बोर्ड पर अँगुलियाँ घुमाने में कहाँ। नैज़े की कलम से, खड़िया की सफेद स्याही को बुदक्के में भर कर, बार-बार कलम को डुबा-डुबाकर एक-एक अक्षर को सफेद मोती-सा टाँकना, कितना मन-भावन होता था और वह भी टाट के बोरे पर बैठ कर। कोई फर्नीचर नहीं, कोई सीटिंग एरेंजमेंट नहीं, आगे-पीछे बैठने का भी कोई झंझट नहीं। बस, जहाँ पर बिछा दिया बोरा, लो बन गया वहीं पर क्लास-रूम।
और रिसेस के बाद तो पूरे स्कूल की सभी कक्षाऐं दो भागों में बँट जाती थीं और फिर शुरू हो जाता था, दो से पच्चीस तक के पहाड़े बोलने का गेम। एक टीम बोलती, दो एकम् दो, तो दूसरी टीम बोलती, दो दूना चार, दो तिया छः, दो चौका आठ.... और फिर इसके बाद, इसी तरह से ढ़इय्या, अध्धा, पौना और सबैय्या। सबको सब कुछ तोते की तरह से रटे पड़े थे। रोज़ाना जो बोलने पड़ते थे। बच्चों का दिमाग ही जैसे कैलक्यूलेटर और कम्प्यूटर बन जाता था। लाखों का गुणा-भाग तो बस यूँ ही, चुटकी बजाते ही, मन ही मन में हो जाते थे।
और गलती करने पर पाँच सन्टी की सजा तो सामान्य श्रेणी की सजा ही मानी जाती थी, शीशम की हरी सन्टी का ही प्रचलन था तब। और हर सन्टी पर चींख ही निकल जाती थी बच्चों की। पर मज़ाल है कि किसी बच्चे का कोई अभिभावक स्कूल में आकर यह कह दे कि मास्टर जी आपने मेरे बालक को क्यों मारा। हाँ, ऐसा तो जरूर कहने आते थे कि मास्टर जी अगर ये बालक कोई गलती करे तो इसे मार-मार कर ठीक कर दीजिए और सुधारिए। इसे अपना बच्चा ही समझिये, ये हमारी बातें तो कम, पर आपकी बातें ज्यादा मानता है। आत्मीयता भी थी तब और कर्तव्य का पावन बोध भी।
और इतना ही नहीं, इससे बड़ी सजा होती थी मुर्गा बनाने की। यानी अगर गलती करोगे तो फिर मनुष्य योनी से मुर्गा-योनी में प्रवेश। कुछ समय के लिये तो मुर्गा ही बना दिया जाता था। और कभी-कभी तो निर्जीव कुर्सी भी बना दिया जाता था। इतना ही नहीं उस बाल-कुर्सी पर किसी दूसरे बच्चे को भी बैठा दिया जाता था। या फिर सिर पर और गोदी में दो-दो ईंटें भी रख दी जाती थी और ईंट गिरने पर फिर वही पाँच शीशम की सन्टी की सजा। जी हाँ, वही शीशम की हरी सन्टी। बच्चों के चरित्र-निर्माण और न्याय के साथ कोई समझौता नही किया जाता था। निष्पक्ष न्याय होता था मास्टर जी के दरबार में।
मैं पाँचवीं कक्षा में पढ़ता था। यूँ तो मेरी गिनती स्कूल के कुछ इने-गिने अच्छे बच्चों में ही होती थी और सभी शिक्षकों का स्नेह मेरे ऊपर रहता ही था। फिर भी मुझे सबसे अधिक डर लगता था तो वो थे मेरे स्कूल के हैड-मास्टर साहब और हैड मास्टर साहब, अगर सबसे अधिक किसी बच्चे को प्यार करते थे, तो वह मैं था।
कारण मुझे पता नहीं, पर मैं तो यह ही मानता था कि मैं पढ़ने में होशियार हूँ और हैड-मास्टर साहब का सब काम दौड़-दौड़कर कर देता हूँ। मसलन चॉक लेकर आना या फिर बोर्ड को साफ करके रखना या फिर जब कभी उनका आदेश होता तो बाहर लगे हैन्ड-पम्प से ठन्डे-ठन्डे पानी का गिलास भरकर ले आना। पानी तो वे अक्सर मेरे हाथ का ही पिया करते थे और मैं भी पानी लाने में साफ-सफाई का बहुत ध्यान रखता था। शायद इसलिये या और कुछ। पर कारण का तो मुझे पता नहीं।
उन्हीं दिनों म्युनिस्पलिटी के चुनाव होने वाले थे और चूँकि प्राइमरी स्कूलस् म्युनिस्पल बोर्ड के अन्तर्गत आते थे, अतः चुनाव सम्बन्धी कार्य प्राइमरी स्कूलस् के टीचर्स और हैड-मास्टर्स को सोंपे गये थे। सभी शिक्षकों को अपने-अपने निर्धारित वार्ड में जाकर म्युनिस्पल बोर्ड के चुनाब की वोटिंग की पर्चियों को बाँटने के तथा अन्य कार्य सोंपे गये थे। हैड-मास्टर साहब को जो वार्ड सोंपा गया था उसी वार्ड में मेरा घर था। और यह सब काम स्कूल की छूट्टी होने के बाद ही, अतिरिक्त समय में करना होता था।
उस दिन, शाम का समय था घर के बाहर चौक में मैं अपने सभी साथियों के साथ खेल रहा था। और इसी समय हैड मास्टर साहब का चौक में आना हुआ। हैड-मास्टर साहब को देखते ही खेल तो तुरन्त ही बन्द हो गया और मेरे सभी साथी, कौतूहल और जिज्ञासा-वश हैड-मास्टर साहब के पास पहुँच गये। पर मैं दौड़कर अपने घर पर जा पहुँचा और माता जी को बताया कि मेरे स्कूल के हैड-मास्टर साहब अपने मोहल्ले में आये हुये हैं अतः वे घर से बाहर न निकलें और घर के अन्दर ही रहें।
उन दिनों पर्दा-प्रथा का प्रचलन अधिक था और मेरे संस्कारों के हिसाब से मेरी माता जी को हैड मास्टर साहब के सामने जाना सर्वथा अनुचित ही था। अतः मैं अपनी माता जी के पैरों से लिपट कर धक्का देते-देते उन्हें दरवाजे के अन्दर ले जाने का प्रयास करने लगा। यह सोचकर कि अगर मेरे हैड-मास्टर साहब ने मेरी माता जी को देख लिया तो लोग क्या कहेंगे। मेरे परिवार की प्रतिष्ठा का प्रश्न जो था।
और उधर जितनी तेजी से मैं माता जी के पैरों से लिपटकर उन्हें घर के अन्दर की ओर धक्का दे रहा था उससे दुगनी तेज गति से हैड-मास्टर साहब मेरी माता जी की ओर बढ़े आ रहे थे। इतनी स्फूर्ति मैंने हैड-मास्टर साहब में कभी भी नहीं देखी थी। इस दौड़ में, मैं तो हार ही गया और हैड मास्टर साहब अपने लक्ष्य तक पहले पहुँचने में सफल हो गये। हैड-मास्टर साहब ने झुककर मेरी माता जी के पैर छू ही लिये। गले से लगा लिया था हैड-मास्टर साहब को, मेरी माता जी ने। आशीर्वाद की वर्षा हो रही थी।
मैं कभी अपने हैड मास्टर साहब को, तो कभी अपनी माता जी को और कभी अपने आप को देख रहा था। क्या माज़रा है कुछ भी तो समझ में नहीं आ रहा था, मुझे। मेरे स्कूल के हैड-मास्टर साहब, जिनकी छाया मात्र से ही, मैं थर-थर काँपने लगता था, वे हैड-मास्टर साहब, मेरी माता जी के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं, जिन्हें मैं उनसे छुपाने का प्रयास कर रहा था। मेरी समझ नहीं आ रहा था कि मेरे हैड-मास्टर साहब धन्य हैं या मेरी माता जी धन्य हैं या फिर मैं।
पर धन्य तो हमारी भारतीय संस्कृति ही है जिसने हमें ऐसे संस्कार दिये। उन संस्कारों को हम अगर भूल जायें और दरकिनार कर दें तो इसमें उस संस्कृति का क्या दोष।
“कैसे हो बेटा, सब ठीक-ठाक है न। इधर काफी समय से मिले नहीं। कोई परेशानी तो नहीं है।” माता जी ने बड़े ही स्नेहिल भाव से हैड-मास्टर साहब से पूछा।
“बस, माता जी आपका ही आशीर्वाद है। अभी कुछ दिन पहले गाँव गया था, सोनू बिटिया की शादी कर दी है, लड़का गाँव में ही लेखपाल है। परिवार भी अच्छा खाता-कमाता है। और बाकी सब ठीक है, माता जी।” हैड मास्टर साहब ने माता जी से कहा।
“चलो अच्छा हुआ बेटा, एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी तो पूरी कर ली। कभी-कभार तो तू घूम जाया कर, चिन्ता बनी रहती है। इतने दिनों से नहीं आया, तो लग रहा था कि कहीं तेरा ट्रान्सफर तो नहीं हो गया है।” माता जी ने प्यार भरे लहज़े में कहा।
“नहीं माता जी, समय ही नहीं मिल पाया इधर आने का। वैसे इच्छा तो बहुत हो रही थी आपसे मिलने की।” हैड-मास्टर साहब ने अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा।  
“ठीक है बेटा, जब कभी भी समय मिले तो घूम जाया कर।” माता जी ने आशीर्वाद देते हुए कहा।
“हाँ माता जी, और वैसे भी, अभी तो चुनाव के सिलसिले में इधर आना-जाना लगा ही रहेगा।” हैड-मास्टर साहब ने बताया।
माता जी से मिलने के बाद हैड-मास्टर साहब, अपने चुनाव  के अन्य कामों में व्यस्त हो गये। मुहल्ले में चुनाव की पर्चियाँ बाँटकर चले गये।
पर आजतक वे मेरे मन से नहीं जा सके और विनम्रता का ऐसा पाठ सिखा गये जिसे मैं आजतक भी नहीं भूल पाया। मेरे हैड-मास्टर साहब ने मेरी माता जी के पैर क्या छुये, मेरे मन को ही छू गये।
मैंने माता जी से जब यह सब कुछ पूछा तो उन्होंने बताया-“बेटा, तेरे हैड-मास्टर सुखवासी लाल को, तेरे पिता जी ने पढ़ाया था इसलिये वे मेरे पैर छूते हैं। मैं उनकी गुरू-माँ हूँ न।”
और तब मैं समझ पाया था गुरू और माँ की महिमा को। सच में, माँ तो आखिर माँ ही होती है।
दूसरे दिन स्कूल पहुँच कर सबसे पहले मैंने अपने गुरू जी के पैर छुये थे, सच में मैंने पैर ही नहीं, उनका हृदय ही छू लिया था। भरी क्लास में गोदी में उठाकर, गले से लगा लिया था हैड-मास्टर साहब ने।
बज्र-सा हिमालय पानी-पानी होते देखा था, उस दिन मैंने। और मेरी आँखों से गंगा ही तो वह निकली थी और तब मैंने जाना था कि आशीर्वाद की गंगा तो चरणों से ही निकलती है और धारण की जाती है ललाट पर, फिर चाहे वो महादेव भोले शंकर ही क्यों न हों।
*****

Sunday, 2 February 2014

*बहादुर देवम*

*बहादुर देवम*
(यह बाल कहानी मेरे बाल-उपन्यास
*देवम बाल-उपन्यास*
से ली गई है।)
...आनन्द विश्वास

*बहादुर देवम*
स्कूल से छूटकर साइकिल से घर आ रहा था देवम। तभी पीछे से आती हुई कार का दरवाजा खुला और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कार से उतर कर दो आदमियों ने देवम को कार के अन्दर धर दबोचा। देवम का विरोध और शक्ति-प्रदर्शन कुछ भी काम न आ सका। साइकिल वहीं पड़ी रह गई।
लोगों ने चिल्लाया भी और शोर भी मचाया। और तो और, दो वाइक वाले लोगों ने उस कार का पीछा भी किया, पर सब कुछ बेकार। तेज गति से दौड़ती हुई कार भीड़ में ओझल हो गई। कुछ भी अता-पता न चल सका, कार का और ना ही उन लोगों का।
आस-पास के लोग तो हक्का-बक्का ही रह गये थे। भीड़-भाड़ वाले बाजार में, सरेआम, दिन-दहाड़े ऐसी घटना हो जाये तो इसे व्यवस्था की असफलता न कहा जाय तो और क्या कहा जाये। सड़क पर तो एकदम सन्नाटा ही छा गया था। वातावरण एकदम भयावह हो गया था। क्या जमाना आ गया है। कैसा गुण्डा-राज आ गया है। आज के जमाने में आदमी की सुरक्षा को क्या कहा जाय।
लोगों के बीच में चर्चा का विषय बन गई थी यह घटना। सबकी सोच एक ही थी बस, कौन हैं ये लोग, जो इस लड़के को उठा कर ले गये हैं ? और कहाँ ले गये हैं ? किसका लड़का है ये ? और क्यों ले गये हैं ? प्रश्न तो अनेक थे, पर उत्तर किसी के पास भी नहीं था।
सभी अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे थे। जितने मुँह उतनी बातें। कोई इस घटना को आपसी रंजिश की संज्ञा दे रहा था तो कोई इसे पैसा लेने के उद्देश्य से की गई किडनैपिंग की घटना। पर सब कुछ था अनुमान ही और शायद, वास्तविकता से कोसों दूर।
प्रत्यक्षदर्शी, स्कूल ड्रेस के आधार पर, केवल इतना ही अनुमान लगा पा रहे थे कि यह लड़का सेन्ट ज़ेवियर्स स्कूल का कोई छात्र होना चाहिए।
घटना-स्थल पर उपस्थित एक दो व्यक्तियों ने इसकी सूचना स्कूल में देना उचित समझा। उन्होंने स्कूल में जाकर घटना की पूरी जानकारी प्रिंसीपल मैडम को दी। प्रिंसीपल मैडम ने तुरन्त ही स्कूल के ऑफिस क्लर्क और चपरासी को पूरी जानकारी लेने के लिए घटना-स्थल पर भेजा।
स्कूल की छुट्टी तो लगभग एक घण्टे पहले ही हो चुकी थी। ऑफिस स्टाफ भी जाने की तैयारी में ही था। पर सूचना मिलते ही प्रिंसीपल मैडम ने बाकी स्टाफ को रोक लिया। पता नहीं कैसी परिस्थिति आ जाये।
ऑफिस क्लर्क और चपरासी को घटना-स्थल पर साइकिल के अलावा और कुछ भी तो नहीं मिल सका था। जिससे कि छात्र के बारे में कुछ पता चल सके। आस-पास के लोगों से पूछने पर भी छात्र का नाम-पता नहीं पता चल सका था।
उधर काफी देर तक जब देवम घर नहीं पहुँचा तो उसकी मम्मी की चिन्ता बढ़ने लगी। वह कभी दरवाजे की ओर देखतीं तो कभी घड़ी की सूँईयों की ओर। कई बार तो वे सोसायटी के गेट तक भी देख आईं देवम को। पर दूर-दूर तक कुछ भी तो पता न था देवम का। देवम के साथ के सभी साथी तो कब के घर आ चुके थे।
वे मन ही मन विचार करने लगीं। पता नहीं हर रोज़ तो देवम समय पर ही आ जाता था पर आज ही इतनी देर क्यों हो गई ? व्याकुलता बढ़ने लगी, कहीं कुछ हो तो नहीं गया, तरह-तरह के विचार मन में आने लगे और सबके सब मन को भयभीत करने वाले।
स्कूल में फोन किया तो पता चला कि स्कूल की छुट्टी हुये तो लगभग एक घण्टा हो चुका है। स्कूल वालों ने बताया कि हमारे पास यह सूचना है कि अपने स्कूल के एक विद्यार्थी को कुछ अज्ञात लोग सर्किट-हाउस के सामने से अगवा करके ले गये हैं पर उसका नाम अभी तक पता नहीं चल सका है।
हमारा स्टाफ वहाँ पहुँचा हुआ है आप वहाँ पहुँच कर जानकारी प्राप्त कर लें। और हो सकता है कि विद्यार्थी का नाम पता चलाने में शायद आपका सहयोग हमारे कुछ काम आ जाये। निशानी के नाम पर केवल उसकी साइकिल पड़ी है वहाँ पर। आप वहाँ जाकर साइकिल को देख कर बताएँ कि ये साइकिल कहीं आपकी ही तो नहीं है, तो हम भी किसी नतीजे तक पहुँच सकेंगे।
देवम की मम्मी तुरन्त ही, सोसायटी के दो लोगों को साथ लेकर सर्किट-हाउस के पास घटना-स्थल पर पहुँचीं। जहाँ स्कूल के क्लर्क तथा चपरासी पहले से ही मौज़ूद थे। उनके पास जो भी जानकारी थी, उसे उन्होंने देवम की मम्मी को बताया।
देवम की मम्मी ने साइकिल को देखते ही बता दिया कि यह साइकिल देवम की ही है। अब तो यह निश्चय हो गया था कि वे लोग देवम को ही उठा कर ले गये हैं।
देवम की मम्मी तो हक्का-बक्का ही रह गईं, उनकी आँखों के सामने तो अँधेरा ही छा गया। सारी दुनियाँ ही जैसे उजड़ गई थी उनकी। न जाने किस हाल में और कहाँ होगा, देवम। वे सोच भी नहीं पा रहीं थीं कि अब क्या किया जाय। पर दूसरे ही क्षण अपने आप पर नियंत्रण करते हुए उन्होंने देवम के पापा को फोन कर घटना की पूरी जानकारी दी और उन्हें सर्किट-हाउस पर आने को कहा।
इधर ऑफिस क्लर्क ने तुरन्त यह जानकारी प्रिंसीपल मैडम को दी और उनसे घटना-स्थल पर आने का अनुरोध किया। कुछ ही समय के बाद प्रिंसीपल मैडम घटना-स्थल पर थीं। उन्होंने देवम की मम्मी को तुरन्त पुलिस को सूचित करने का सुझाव दिया। तब तक देवम के पापा और उनके दोस्त भी वहाँ आ गये।
पुलिस को सूचना दी गई और रिपोर्ट भी लिखाई गई। पुलिस ने घटना-स्थल का निरीक्षण किया और फिर सभी जगह मैसिज़ कनवे किया। शहर के बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर चौकसी बढ़ा दी गई और शहर के चप्पे-चप्पे पर सर्च-ऑपरेशन चालू कर दिया गया।
साथ ही पुलिस ने देवम के पापा का फोन नम्बर लेकर उस नम्बर को वॉच पर रखा ताकि कोई कॉन्टेक्ट हो तो उस नम्बर को तुरन्त ही ट्रेस किया जा सके। साथ ही पुलिस-अधिकारी ने उनसे यह भी अनुरोध किया कि अगर आपसे कोई सम्पर्क करे तो उसकी सूचना तुरन्त ही हम को दें। ताकि हम शीघ्र कदम उठा सकें।
पुलिस के लगातार प्रयास के फलस्वरूप भी चौबीस घण्टे के बाद भी पुलिस के हाथ खाली के खाली ही थे। कोई भी जानकारी या सुराग नहीं था पुलिस के पास। पर प्रयास जारी था।
देवम के पापा-मम्मी परेशान थे। कुछ भी तो नहीं सूझ रहा था उन्हें, वे करें भी तो आखिर क्या करें। बेचारे सीधे-सादे, सरल जीवन, कभी किसी से कोई झगड़ा या दुश्मनी भी नहीं और ना ही बहुत पैसे वाले, जो पैसे के लिए कोई अगवा करे देवम को।
 वैसे भी यदि ऐसा होता तो अब तक किसी का फोन तो आना ही चाहिए था। कोई सम्पर्क तो होना ही चाहिये था। कहीं से कोई पैसे की डिमान्ड तो आनी ही चाहिये थी। पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। इससे यह अन्दाज़ हो रहा था कि घटना का उद्देश्य, न तो दुश्मनी हो सकता है और ना ही पैसा। तो फिर ऐसा क्यों हुआ ? प्रश्न तो फिर भी वहीं का वहीं था। उत्तर के बिना।
रात भर न सो सके थे विवेक बाबू और देवम की मम्मी का तो रोते-रोते बुरा हाल हो गया था। आँखों से आँसू का सैलाव रुकने का नाम ही न ले रहा था। ग़म के बादल छँटना ही नहीं चाहते थे। ग़मगीन वातावरण  हो गया था देवम के घर का।
देवम के दोस्त, सोसायटी वाले, स्कूल वाले, सभी तो चिन्तित और परेशान थे, अपने प्रिय देवम के लिये। जिसे पता चलता वह यही पूछता, “ कुछ पता चला देवम का ? ”
और देवम के पापा बस  “ नहीं ” ही कह पाते।
 फोन की घण्टी के बजने का सिलसिला बन्द होने का नाम ही न ले रहा था। और बन्द हो भी तो कैसे हो। आखिर घटना ही कुछ ऐसी थी।
उधर देवम की आँख पर बधी पट्टी जब खोली गई तो उसने अपने आप को एक कमरे में पाया। जहाँ ऊबड़-खाबड़, उल्टा-सीधा सामान भरा पड़ा था।
पट्टी खोलने वाले आदमी, देवम को कमरे में बन्द कर, बाहर से ताला लगा कर चले गये। बाहर हॉल में कुछ लड़के पैकिंग का काम कर रहे थे। एक आदमी ने बाहर से ही खिड़की पर दो रोटी, अचार और एक गिलास पानी रख दिया और खाना खाने को बोल कर चला गया।
देवम ने खाना नहीं खाया। उसके पास खाने को ग़म और पीने को आँसू पर्याप्त थे।
थोड़ी देर बाद देवम को हॉल में लाया गया। वहाँ उसे चरस की पैकिंग करने के लिए बैठा दिया गया। जैसा दूसरे लड़के कर रहे थे, उसी तरह देवम ने भी काम करना शुरू कर दिया। शायद उसने यही उचित समझा होगा।
यहाँ का नज़ारा देख कर तो देवम हक्का-बक्का ही रह गया। इनमें से एक लड़के का फोटो तो उसने अखबार में भी देखा था, गुम हो गये बच्चों के कॉलम में। सब के सब लड़के दस-बारह से बीस-बाईस साल के। सब के सब बेवश और लाचार। बन्द पिंजरे से आजाद होने को आतुर।
उन लड़कों से पता चला कि इन को भी ये लोग पकड़ कर ले आए थे। यहाँ पर इन लड़कों से काम करवाते हैं और खाना देते हैं बस। खाना, सोना और रहना, सब कुछ यहीं पर। स्मगलिंग का काम होता है यहाँ पर। कभी ड्रग्स की पैकिंग तो कभी अफ़ीम, चरस, गांजे की पैकिंग। और कभी-कभी तो डायमंडस् की पैकिंग भी की जाती है।
इन लड़कों में से ज्यादातर को तो पकड़ कर ही लाए हैं ये लोग और कुछ को काम दिलाने के बहाने से इनके ऐजेंटों ने इन लड़कों को यहाँ ला कर छोड़ दिया। सब कुछ अन्डर-ग्राउन्ड, बाहर निकलना बेहद मुश्किल।
अब देवम को ख्याल आ गया था कि ये गेंग लड़कों को अगवा करके यहाँ ले आता है और मजदूरी करवाता है। बाहर न जाने देने का कारण शायद गोपनीयता ही हो सकता है। बाहर निकलने का कोई उपाय नहीं सूझ पा रहा था देवम को।
पर इतने दिनों में देवम ने वाइक, कार और ट्रक को अन्दर आते और बाहर जाते तो देखा था। ट्रक में सामान आता भी था और पैकिंग के बाद बाहर जाता भी था। स्पष्ट है कोई रास्ता तो होगा ही बाहर जाने का।
 और उधर मम्मी-पापा का ख्याल आते ही देवम की आँखों से आँसू छलक जाते थे। कैसे पल-पल कट रहा होगा उसके बिना उनका। कल्पना करते ही रोम-रोम थर्रा जाता था उसका। निर्दयी जल्लादों से दया की भीख माँगना, सागर से पंथ माँगने जैसा ही तो था और राम-बाण उसके पास था ही कहाँ ?
लगभग एक सप्ताह बीत गया। न तो पुलिस ही देवम का कुछ पता चला पाई और न ही देवम इन गुण्डे-बदमाश स्मग्लरों को चकमा देकर, इनके चंगुल से आजाद हो पाया। और उधर देवम के मम्मी-पापा की वेदना को आसानी से समझा जा सकता था।
और आज शाम को ही एक ट्रक आ गया, शायद माल को ले कर जाने के लिए। गतिविधियाँ तेज हो गईं थीं। स्टाफ के सभी लोग पैक किए हुए माल को ट्रक में लोड करने में तत्परता के साथ व्यस्त हो गये। मालिक-लोग भी कार से आए हुए थे। उन्हीं की देख-रेख में लोडिंग का काम चल रहा था। बारह-एक बजे के करीब ट्रक लोड हो चुका था।
मालिक-लोगों ने चौकीदार को हिदायत दी कि सुबह छः बजे जब ट्रक बाहर निकले तो हमें सूचित कर देना। साथ ही ड्राइवर को सम्पर्क में बने रहने का निर्देश दिया। फिर मालिक-लोग तो रात को ही कार से चले गये। बस अब ड्राइवर को इन्तजार था सुबह के छः बजे का।
सभी लेबर सोने लगे और चौकीदार जागरण के लिए तत्पर। आखिर उसे ही तो इन सभी लड़कों की और ट्रक की देख-भाल करनी थी। पर देवम की तो रातों की नींद ही गायब हो चुकी थी। लगभग चार एक बजे चौकीदार अपने स्टूल से उठा और अपने मोबाइल को स्टूल पर रख कर, शायद बाथ-रूम की ओर गया।
और यही ऐसा मौका था जिसकी देवम को तलाश थी। बड़ी होशियारी से देवम ने वह मोबाइल उठा कर, एक कोंने में जाकर, अपने पापा को फोन किया।
उधर सुबह के लगभग चार बजे देवम के पापा के फोन की घण्टी बजी।
 “ हाँ, हलो आप कौन बोल रहे हैं  ? ” देवम के पापा ने पूछा।
“ हाँ, पापा मैं देवम बोल रहा हूँ। ” देवम ने दबी आवाज में उत्तर दिया।
“ देवम तुम कहाँ हो ? ” देवम के पापा ने आतुरता के साथ पूछा।
देवम ने कहा, “ पापा, जरा ध्यान से सुनो। ये लोग मुझे पकड़ कर यहाँ लाए हैं ये जगह अण्डर-ग्राउन्ड है और स्मगलिंग का काम होता है। यहाँ पर और भी बहुत से बच्चे हैं जिन्हें ये मेरी तरह ही पकड़ कर यहाँ लाए हैं। यहाँ पर एक कार है जो शायद यहाँ के मालिक-लोगों की है और जिसका नम्बर RJ-1-V 2555 है। आज सुबह छः बजे एक ट्रक स्मगलिंग का सामान ले कर मुम्बई जाने वाला है जिसका नम्बर RJ-5-Q  5888  है। चौकीदार अभी बाथ-रूम गया है और मैं उसी के मोबाइल से छुप कर बात कर पा रहा हूँ। बस, अब इस नम्बर पर बात मत करना। ”
इतना कह कर देवम ने फोन कट कर दिया और बड़ी शीघ्रता से मोबाइल को स्टूल पर रख कर अपने स्थान पर आ कर सोने का नाटक करने लगा। जैसे कुछ हुआ ही न हो। चौकीदार अभी तक नहीं आ पाया था। सुबह होते ही चौकीदार ने ड्राइवर को ट्रक ले जाने के लिये कहा और साथ ही ट्रक के जाने की सूचना मालिक-लोगों को भी दी। ड्राइवर ट्रक ले कर अपने गन्तव्य स्थान की ओर रवाना हो गया। तब कहीं जा कर चौकीदार ने चैन की साँस ली।
 देवम के पापा ने यह सूचना देने के लिए जब पुलिस को फोन किया तो पुलिस-अफसर ने बताया कि ये सभी सूचनाएँ हमें प्राप्त हो गई है क्योंकि आपका फोन हमारे वॉच पर है। अब आप बिलकुल भी चिन्ता न करें, हम शीघ्र ही देवम तक पहुँच सकेंगे।
पुलिस की सतर्कता को देख कर देवम के पापा के मन में प्रसन्नता भी हुई और राहत भी मिली। साथ ही उन्हें विश्वास भी हुआ कि सतर्क पुलिस देवम तक पहुँचने में जरूर सफल होगी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सबसे पहले तो उस मोबाइल नम्बर की लोकेशन का पता चलाया गया जहाँ से कि देवम ने अपने पापा को फोन किया था। लोकेशन डूँगरपुर (राजस्थान) के आस-पास की थी। यह तो निश्चय हो गया था कि देवम राजस्थान में ही है।
अब पुलिस ने राजस्थान के आर.टी.ओ. विभाग से कार और ट्रक के रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर मालिकों के पते की जानकारी प्राप्त कर की। इसके लिए एक दल को इन दोनों लोगों को पकड़ कर थाने में लाने के लिए भेज दिया। पुलिस इन दोनों के अरेस्ट-वॉरेन्ट को साथ में लेकर ही गई। पुलिस कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहती थी।
चूँकि दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नम्बर राजस्थान आर.टी.ओ. के थे अतः राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के चेक-पोस्ट और टोल-प्लाजा पर इन नम्बर के वाहनों को रोकने तथा ड्राइवर, क्लीनर आदि को पकड़ कर हिरासत में लेने के लिये पुलिस को आदेश दे दिये गये। चेक-पोस्ट पर पुलिस ने सतर्कता के साथ चैकिंग का काम शुरू कर दिया।
पुलिस भी इस मामले को गम्भीरता से ले रही थी क्योंकि यह मामला बीस-पच्चीस लड़कों की किडनैपिंग का ही नहीं था बल्कि स्मगलिंग और ड्रगस् की हेरा-फेरी का भी था। साथ ही इन लोगों की अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह से जुड़े होने की सम्भावना भी थी। जिसकी पुलिस को काफी समय से तलाश भी थी। इन्हीं लोगों की वजह से पुलिस की पहले भी किरकिरी हो चुकी थी और इस मौके को पुलिस हाथ से नही जाने देना चाहती थी।
पुलिस की सतर्कता और सजगता के फलस्वरूप ट्रक को राजस्थान बोर्डर पर श्यामला जी चेक-पोस्ट पर पकड़ लिया गया। माल से भरे ट्रक, ड्राइवर, क्लीनर को हिरासत में ले लिया गया। तीन-चार घण्टे में पुलिस देवम के पापा को साथ ले कर श्यामला जी चेक-पोस्ट पर पहुँच गई।
ड्राइवर को जब थर्ड डिग्री टोर्चरिंग किया गया तो उसने सब कुछ पोपट की तरह उगल दिया। गोदाम का पता और जिस मालिक के लिए वह काम करता था उसका पता और सभी ठिकाने, जो भी उसे पता थे, सब बता दिये। साथ ही कई गोपनीय तथ्य भी उसने पुलिस को बताये। पुलिस ने ड्राइवर को साथ ले कर लोकल पुलिस की सहायता से गोदाम पर छापा मारा।
भयभीत ड्राइवर ने पुलिस को अन्डर-ग्राउड तहखाने तक पहुँचा दिया और उस जगह पर पहुँचा दिया जहाँ से रात को ट्रक लोड किया गया था। ड्राइवर साथ न होता तो पुलिस का वहाँ तक पहुँचना सम्भव ही नहीं था।
लगभग बीस-पच्चीस लड़के भी काम करते हुए पाये गये। चौकीदार और उसके मोबाइल को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। वहाँ के सभी स्टाफ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा-बल भी बुलाना पड़ा। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया और अपने संरक्षण में ले लिया।
असल में यह एक फार्म-हाउस में था। जिसके अन्दर कार-गैरेज के रास्ते से अन्डर-ग्राउन्ड गोदाम में जाने का रास्ता बनाया हुआ था और अन्डर-ग्राउन्ड गोदाम के अन्दर ही इनकी सभी गतिविधियाँ चलती रहतीं थी। यहीं पर इन लड़कों को भी रखा जाता था और काम करवाया जाता था। गोपनीयता रखने के कारण किसी को भी बाहर नहीं जाने दिया जाता था।
उधर कार और ट्रक के मालिक को पकड़ने में पुलिस कामयाब हो गई। उन्हें भी पकड़ कर थाने में लाया गया। दूसरे दिन सभी पकड़े गये आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में प्रस्तुत कर न्यायालय से दस दिन की रिमाण्ड का समय माँगा। जिसे माननीय न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। कानून ने अपना काम करना शुरू कर दिया था।
देवम के वयान पुलिस ने लिये। साथ ही गोदाम में पकड़े गये सभी लड़कों के वयान भी कोर्ट में दर्ज कराये गये। और जब भी आवश्यकता पड़े तब कोर्ट में हाजिर होने की शर्त पर सभी लड़कों को घर जाने का आदेश दिया गया। बाकी सभी स्टाफ को पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया।
जिन लड़कों को ये लोग किडनैपिंग करके लाये थे उन सभी लड़कों को जब सारी घटना की जानकारी हुई तो सभी ने देवम के साहस और दूरदर्शिता की खूब-खूब प्रशंसा की। और चौकीदार अपनी मूर्खता पर रो रहा था।
सभी लड़के के घर पर सम्पर्क किया गया। अपने परिवार वालों से मिल कर वे बहुत-बहुत खुश थे। इनमें से बहुत से माता-पिता तो ये मान चुके थे कि अब वे अपने बच्चों को नहीं पा सकेंगे। उनकी तो उजड़ी हुई दुनियाँ ही फिर से खुश-खुशहाल हो गई थी। और वे देवम को खूब-खूब तहे-दिल से धन्यबाद दे रहे थे। रेगिस्तान बनी आँखों में फिर से गंगा-जमुना बह निकलीं थीं।
देवम की समझदारी, दूर-दर्शिता और साहस-पूर्ण कदम के परिणाम-स्वरूप ही पुलिस अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह तक पहुँच पाई और तस्करों को पकड़ने में कामयाब हो सकी। साथ ही किडनैपिंग किये गये लड़कों को अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह के चंगुल से छुड़ाने में कामयाब हो सकी।
मीडिया का भारी जमाबड़ा पहुँच गया था घटना-स्थल पर। अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह और तस्करों के पकड़े जाने की खबर, और वह भी करोड़ों रुपये के माल-सामान के साथ। इतनी बड़ी सफलता का रहस्य सभी जानना चाहते थे। सभी उस बालक को देखने के लिये लालायित थे जिसकी बहादुरी की जितनी प्रशंसा की जाय, कम ही होगी।
प्रिन्ट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया ने देवम का इन्टरव्यू लिया। देवम ने उनके सभी प्रश्नों के सन्तोष-जनक उत्तर दिये। साथ ही जो कुछ भी उसका वहाँ का अनुभव था, वह उसने मीडिया के साथ शेयर किया।
 मीडिया वालों ने जब देवम से पूछा कि आप अपना कोई सन्देश जनता को देना चाहेंगे।
तो देवम ने कहा,  “ चाहे कैसी भी परिस्थिति क्यों न हो हमें अपने आप पर और अपनी शक्ति पर सदैव भरोसा रखना चाहिये। संघर्षों से कभी भी घबराना नहीं चाहिये।
दूसरे दिन सभी समाचार-पत्रों में फोटो के साथ बहादुर देवम की बहादुरी की चर्चा थी।
टी.वी. और चेनल वालों ने देवम के इन्टरव्यू को विशेष कबरेज के साथ टेलीविज़न पर दिखाया।
देवम के मम्मी-पापा का मन हर्ष और विषाद से भरा हुआ था। विषाद इस बात का था कि देवम को इतने दिनों तक, इतने कष्टों का सामना करना पड़ा, तरह-तरह की यातनाओं को सहना पड़ा। व्याकुल मन रो पड़ा था देवम के पापा का।
और प्रसन्नता इस बात की थी कि बीस-पच्चीस किडनैपिंग किये गये लड़कों को अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह के चंगुल से छुड़वा कर उन्हें उनके परिवार के बीच पहुँचा दिया। यह भागीरथ पुण्य कार्य मन के सन्तोष के लिये पर्याप्त था।
इतना ही नहीं देवम ने अन्तर्राष्ट्रीय-गिरोह के तस्करों और ड्रगस्-माफियाओं को कानून के हवाले कर, करोड़ों रुपये के माल-सामान को सरकार तक पहुँचा कर, जो साहस और दूर-दर्शिता का परिचय दिया, उससे परिवार प्रसन्न था।
देवम का उसके स्कूल में सम्मान किया गया और प्रिंसीपल मैडम ने देवम की समझदारी, दूरदर्शिता और साहस-पूर्ण कदम की सराहना की।
देवम के मम्मी-पापा खुश थे और उन्हें अपने देवम पर गर्व है।
*****  

...आनन्द विश्वास

Friday, 22 November 2013

*स्कूल पिकनिक*

*स्कूल पिकनिक*
( यह कहानी मेरी पुस्तक *देवम बाल-उपन्यास* 
से ली गई है।) 
...आनन्द विश्वास.

जिस दिन बच्चों को पढ़ना न पड़े और मौज-मस्ती, सैर-सपाटा करने का मौका मिले, उस दिन से अच्छा दिन और कौन-सा हो सकता है, बच्चों के लिए। पूरा का पूरा स्वतंत्रता-दिवस। किताबों से छुट्टी, दोस्तों के साथ मौज-मस्ती और धूमधड़ाका करने का मौका। बस, यही तो है बच्चों का स्वतंत्रता-दिवस।
यूँ तो मम्मी-पापा और परिवार के साथ तो अक्सर ही घूमना-फिरना होता रहता है बच्चों का। पर स्कूल के दोस्तों और टीचर के साथ में तो, कुछ और ही बात होती है। अनुशासन भी, मस्ती भी, मनोरंजन भी और इसके साथ-साथ धरती की सुन्दरता का अवलोकन भी।
शिक्षण की यह एक आवश्यक प्रक्रिया भी है क्योंकि इसमें मौज-मस्ती और मनोरंजन के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है और ढ़ेर सारी जानकारियाँ भी प्राप्त होती है विद्यार्थियों को। किताबों में पढ़ी हुई बातों को, देखने पर ज्यादा अच्छी तरह से समझ में आती हैं बच्चों को। ये तो एक शैक्षणिक-प्रवृत्ति है और इसीलिए स्कूलों में अक्सर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
देवम के स्कूल में जब एक दिवसीय पिकनिक की सूचना सभी कक्षाओं में पहुँची तो खुशी की एक लहर-सी दौड़ गई सारे स्कूल में। एक अजब सा रोमांच छा गया था सभी बच्चों के चेहरे पर।
सभी विद्यार्थियों को सूचित किया गया कि रविवार को एक दिवसीय पिकनिक का आयोजन किया गया है। जो विद्यार्थी जाना चाहें वे अपना नाम अपने क्लास-टीचर को लिखा दें। सूचना मिलने के बाद रिसेस हो गई। अतः रिसेस में सभी विद्यार्थियों के बीच चर्चा का एक ही विषय था, पिकनिक, पिकनिक, और बस पिकनिक।
देवम और उसके मित्रों ने भी पिकनिक पर जाने का मन बना लिया था। कंचन, मीनू, गज़ल, गगन, सौरभ और पिंकी सभी तैयार थे पिकनिक के लिये और सभी ने अपना नाम क्लास-टीचर को लिखवा दिया। किस-किस को क्या-क्या सामान लाना है, खेलने के लिये और खाने के लिये, यह भी निश्चित कर लिया था।
दूसरे दिन पिकनिक जाने वाले विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्लास-टीचर को नाम लिखा दिये। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुये दो बसों की व्यवस्था की गई। साथ ही चाय-नाश्ता और खाने की व्यवस्था स्कूल की ओर से की गई थी।
पिकनिक जाने से एक दिन पहले, जाने वाले सभी विद्यार्थियों को कॉन्फरेंस हॉल में बुला कर पिकनिक इन्चार्ज श्री गौरांग पटेल और प्रिंसीपल मैडम ने सभी विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी और सूचनाऐं दीं।
जो बच्चे दवा इत्यादि लेते हैं वे अपनी दवा साथ में ले कर आऐं। अकेले कहीं न जाऐं। कम से कम पाँच विद्यार्थियों के ग्रुप में ही रहें। जहाँ तक सम्भव हो अपने ग्रुप-इन्चार्ज के साथ ही रहें। कल सुबह छः बजे तक स्कूल में आ जाऐं। ग्रुप-इन्चार्ज टीचर साक्षी श्रीवास्तव, गौतम दवे, समीक्षा जैन और पिकनिक पर जाने वाले सभी टीचर भी वहाँ पर मौजूद थे।
दूसरे दिन सभी विद्यार्थी, टीचर्स, चपरासी और ग्रुप-इन्चार्ज टीचर्स स्कूल-प्रांगण में निश्चित समय पर आ गये। दोनों बसें वहाँ पर पहले से ही मौजूद थीं। ग्रुप-इन्चार्ज टीचर्स ने सभी विद्यार्थियों की हाजिरी ली और फिर बस में बैठने के निर्देश दिये। जब सभी विद्यार्थी, टीचर्स बस में बैठ गये तो पिकनिक इन्चार्ज गौरांग सर ने दोनों बसों के ग्रुप-इन्चार्ज टीचर्स से परामर्श कर, बसों को लेक-फ्रन्ट पिकनिक पोइन्ट के लिये रवाना कर दिया। बसों के रवाना होने के समय प्रिंसीपल मैडम भी वहाँ पर उपस्थित थीं।
लगभग एक घण्टे के सफर के बाद दोनों बसें लेक- गार्डन पर थीं। चाय-नाश्ता तैयार था। जिसकी व्यवस्था पहले से ही करा दी गई थी। सभी विद्यार्थियों ने ब्रेड-पकौड़े, और दाल-बड़े का नाश्ता किया। चाय-कॉफी, चिप्स और वेफर्स की व्यवस्था भी थी।
इसी समय पिकनिक इन्चार्ज गौरांग पटेल ने सभी विद्यार्थियों को सूचना दी कि बारह बजे खाने के लिये और तीन बजे नाश्ते के लिये, इसी स्थान पर आ जायें। शाम को पाँच बजे बस के पास पार्किंग में पहुँच जायें। समय का विशेष ध्यान रखें।
नाश्ता करने के बाद, पटेल सर की सूचनानुसार सभी विद्यार्थी ‘कमला नेहरू ज़ियोलोजीकल गार्डन’ देखने गये। वास्तव में तो यह प्राणी-संग्रहालय ही है जहाँ पर भिन्न-भिन्न प्रजातियों के पशु, पक्षी, और जानवरों को रखा गया है।
  बायोलौजी टीचर साक्षी मैडम ने विद्यार्थियों को उनके विषय में विशेष जानकारी दी। चिंपांजी, शेर, टाइगर, हिप्पोपोटेमस आदि देख कर सभी विद्यार्थी आनन्दित हुये। ‘सर्प-संसार’ में साँपों की भिन्न-भिन्न प्रजातियाँ विद्यार्थियों के आकर्षण का मुख्य केन्द्र थीं।
इसके बाद सभी छात्र ‘चाचा नेहरू बाल-बाटिका’ में गये। बाटिका की शोभा तो देखते ही बनती थी। बाटिका में घुसते ही बाईं ओर ‘डौल-घर’ बच्चों को बहुत भाया। तरह-तरह की गुड़िया और गुड्डे, भिन्न-भिन्न मुद्राओं में बच्चों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे।
इसके आगे था ‘काँच-घर’ यानि दर्पण का संसार। अवतल, उत्तल और समतल दर्पणों का संगम। मानव आकार के दर्पणों को इस प्रकार समायोजित किया गया कि उसके सामने खड़े होने पर एकदम पतले पेंसिल की तरह दिखाई दें तो दूसरे दर्पण के सामने गेंद की तरह गोल-मटोल। हर दर्पण की अपनी अलग विशेषता और ऐसे अनेक दर्पण।
विद्यार्थियों को एक-दूसरे को चिढ़ाने का एक अच्छा मौका था। सब एक-दूसरे को कह ही रहे थे। देख, तू कितना पतला है तो दूसरा कहता देख तू कितनी मोटी है गोल-मटोल बैगन जैसी। पर सब के सब खुश थे। अपने आप की बेढ़ंगी शक्ल-सूरत को देख कर, हँसी आये बिना न रहे सके।
लोग कहते हैं कि दर्पण हमेशा सच बोलता है पर यहाँ तो उसके सच की पोल ही खुल गई। निरा झूँठा निकला। दम भरता था सत्यवादी हरिश्चन्द होने का। अच्छे-अच्छे सुन्दर बच्चों को पेंसिल जैसा पतला बताने में जरा भी संकोच न हुआ, झूँठे दर्पण को। कलि-युग का दर्पण जो ठहरा।
और अब बारह बजना ही चाहते थे और पेट में चूहे शोर मचा रहे थे। सो सबको याद आ गये गौरांग पटेल सर। सभी खाना खाने के लिये पहुँच गये। खाना तैयार था। सभी विद्यार्थियों, टीचर, चपरासी और स्टाफ ने खाना खाया। खाना स्वादिष्ट और अच्छा था सभी ने खाना बनाने वालों की प्रशंसा की और धन्यवाद भी दिया।
इसके बाद बोटिंग का प्रोग्राम था। लेक-पॉइंट पर पहुँच कर सभी विद्यार्थियों को लाइन बनाने की सूचना दे दी गई। ग्रुप-इन्चार्ज टीचर विद्यार्थियों के साथ में थे। तब तक गौरांग पटेल सभी विद्यार्थियों के लिये टिकिट ले कर आ गये। यहाँ दोनों तरह की बोटिंग की व्यवस्था थी। कुछ ने पैडल- बोट को पसन्द किया तो कुछ ने मोटर-बोट को।
बोटिंग के बाद, अब बारी थी रेल-यात्रा की। यानि बाल-रेल में बैठ कर पूरी लेक का चक्कर लगाने की। यह अनुभव अपने आप में अनौखा ही कहा जाय तो अच्छा होगा। पूरी लेक का विहंगावलोकन। रेल में बैठ कर, लेक में बोटिंग करते लोग, बतख़ और बगुलों के झुंड और झील में खिलते कमलों के अवलोकन का आनन्द। बड़ा ही अच्छा लगा सभी विद्यार्थियों को, बच्चों की रेल में।
तीन बज चुके थे और नाश्ता भी तैयार था। सभी ने नाश्ता कर, गार्डन में खेलने का प्रोग्राम बनाया। गार्डन में कोई क्रिकेट, तो कोई बैडमिंटन, तो कोई खो-खो। सभी  विद्यार्थी अपने-अपने ग्रुप के साथ, मस्त थे अपने-अपने खेलों में। कुछ ने गार्डन में ही आराम करने का मन बनाया तो कुछ ने मटर-गस्ती और घूमने का। क्योंकि इसके बाद तो बस, बस में बैठ कर बापस घर ही जाना था।
लगभग चार-साड़े चार बजे का समय रहा होगा। लेक के किनारे एक साइड में पक्षियों के दाना डालने का स्थान बना हुआ था। इस समय पक्षी तो वहाँ नहीं थे, पर वहाँ से झील का नज़ारा बड़ा ही सुन्दर दिखाई दे रहा था।
बोटिंग करते लोग, बतख़ और बगुलों के झुंड और झील में खिलते कमल, झील की सुन्दरता में चार चाँद लगा रहे थे। जगह-जगह पर पानी के ऊँचे-ऊँचे उठते फब्बारे मन में रोमांच भरने के लिए पर्याप्त थे। पायल और उसके साथी रमणीय स्थल का भरपूर आनन्द ले रहे थे।
सुन्दर दृश्य को निहार कर पायल पीछे मुड़ी तो उसकी नज़र पक्षियों के पानी पीने वाले वर्तन पर पड़ी। वर्तन में एक चींटा पानी से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था और वह ऊपर चढ़ कर बाहर आ भी गया था। तभी पायल को एक शरारत सूझी, उसने चींटे को फिर से पानी में डाल दिया। बेचारा चींटा फिर प्रयास कर बाहर आने में सफल हो गया। ऐसा प्रयास, दोनों ओर से कई बार हुआ। पायल को बड़ा मजा आया। चींटे का संघर्ष देख कर या उसे परेशान देख कर, पता नही, ये तो पायल ही जाने।
शायद कुछ लोगों की मानसिकता ही ऐसी होती है कि जब तक वे दूसरों को परेशान न कर लें, तब तक उन्हें मजा ही नहीं आता। दुखी आदमी आखिर किसी को सुखी कैसे देख सकता है ? हम अपने दुख से कम दुखी होते हैं पर दूसरे के सुख से ज्यादा दुखी होते हैं।
तभी पायल को एक पिल्ला दिखाई दे गया। बस, शैतान दिमाग, उसने पिल्ले को गोद में उठाया। पहले तो पायल ने उसे बड़े प्यार से सहेजा और देखते ही देखते उसे लेक की ओर फेंक दिया।
बेचारा पिल्ला पानी में गिर पड़ा। वह कभी डूबता, कभी तैरता और कभी जोर से चिल्लाता। पर पायल तो जोर-जोर से हँसती ही रही। हँसते-हँसते पायल अपना शारीरिक-सन्तुलन ही खो बैठी।
पायल की सहेलियों ने चिल्लाया भी, पायल पीछे मत चल, पीछे मत चल। देख, पीछे पानी है। तू पानी में गिर पड़ेगी। पर पायल का ध्यान तो पिल्ले को दुखी होते हुये, चिल्लाते हुये देखने में था। कुछ भी न सुना मदहोश पायल ने और उसका पैर फिसल गया, वह झील में गिर पड़ी।
उधर एक लड़के ने, जो शायद तैरना जानता था, तुरन्त लेक में कूद कर, डूबते पिल्ले को बाहर निकाल कर बाहर रख दिया और खुद भी बाहर निकल आया। कूँ-कूँ करता पिल्ला पहले फड़फड़ाया और फिर न जाने किधर चला गया।
इधर पायल पानी में डूबने लगी। सहेलियों ने जोर-जोर से बचाओ.. बचाओ... चिल्लाना शुरू किया।
तभी देवम का ध्यान पानी में डूबती पायल की ओर गया। उसने तुरन्त ही गज़ल और शीला का दुपट्टा लेकर उनको आपस में बाँध कर, एक छोर में रबड़ रिंग को बाँध कर, पायल की ओर फैंका। पायल उसे पकड़ नहीं पाई। देवम ने शीघ्रता से दुपट्टे को दुबारा पायल की ओर फैंका। इस बार डुबकी खाती पायल ने दुपट्टे को पकड़ लिया।
देवम ने दुपट्टे को घीरे-घीरे खींचना शुरू किया। अब पायल किनारे तक आ चुकी थी और वह डूबते-डूबते बच गई। देवम ने बड़ी साबधानी से पायल का हाथ पकड़ कर, गज़ल और शीला की सहायता से, पायल को पानी से बाहर खींच लिया।
ठंड और भय के मारे काँप रही थी पायल। दूसरों का तमाशा बनाने वाली पायल आज खुद एक तमाशा बन गई थी। उसका मन ग्लानि से भर गया था। अपने आप पर शर्मिन्दा थी वह। पता नही अब टीचर और गौरांग सर क्या कहेंगे उससे। और जब मम्मी-पापा को पता चलेगा तब ? प्रिंसीपल मैडम का ख्याल आते ही वह काँप गई।
भयभीत पायल के मन को पढ़ लिया था साक्षी टीचर ने। बड़े प्यार से सहेज कर वे उसे बस में ले आईं और भीगे कपड़ों को बदलवाने की व्यवस्था की।
जिसे भी घटना का पता चलता, वह दुखी होता। पायल के पागल-पन की बज़ह से अच्छी भली पिकनिक का सारा का सारा मजा ही किरकिरा हो गया था। एक ओर जहाँ पिकनिक में खुश-खुश थे सभी विद्यार्थी, पायल की घटना ने सभी को व्यथित कर दिया।
सभी विद्यार्थी पायल की बज़ह से दुखी और व्यथित हो गये थे, पर पायल अब हँस नही रही थी। चींटे और पिल्ले को दुखी होते देख कर हँस-हँसकर ठहाका लगाने वाली पायल, आज अपने साथियों को दुखी देख कर, हँस नही पा रही थी। उसकी आँखों से गंगा-जमना वह रही थी।
और शायद वह सोच रही थी कि यदि देवम वहाँ समय पर न पहुँचता तो शायद वह, न तो हँस पाती और ना ही रो पाती। पर सभी को रुला जरूर देती।
पाँच बज चुके थे। सभी विद्यार्थी बस में बैठ कर स्कूल की ओर रवाना हो चुके थे। हास-परिहास और दुख-सुख की अनुभूतियों के साथ। जीवन की एक अच्छी खट्टी-मिट्ठी यादगार पिकनिक के साथ।
*****

...आनन्द विश्वास