Sunday 28 March 2021

"पाँच-सात-पाँच"

1.
हमने माना
पानी नहीं बहाना
तुम भी मानो।
2.
छेड़ोगो तुम
अगर प्रकृति को
तो भुगतोगे।
3.
जल-जंजाल
न बने जीवन का
जरा विचारो।
4.
सूखा ही सूखा
क्यों है चारों ओर
सोचो तो सही।
5.
पानी या खून
हर बूँद अमूल्य
मत बहाओ।
6.
खून नसों में
बहता अच्छा, नहीं
सड़क पर।
7.
सुनो सब की
सोचो समझो और
करो मन की
8.
घड़ी की सुईं
चलकर कहती
चलते रहो।
9.
रोना हँसना
बोलो कौन सिखाता
खुद आ जाता।
10.
सूखा ही सूखा
प्यासा मन तरसा
हुआ उदासा।
11.
भ्रष्टाचार से
देश को बचाएंगे
संकल्प करें।
12.
आतंकवाद
समूल मिटाना है
मन में ठानें।
13.
नैतिक मूल्य
होते हैं सर्वोपरि
मन से मानें।
14.
गेंहूँ जौ चना
कैसे हो और घना
हमें सोचना।
15.
मन की बात
सोचो, समझो और
मनन करो।
16.
देश बढ़ेगा
अपने दम पर
आगे ही आगे।
17.
अपना घर
तन-मन-धन से
स्वच्छ बनाएं।
18.
विद्या मन्दिर
नारों का अखाड़ा है
ये नज़ारा है।
19.
सब के सब
एक को हटाने में
एक मत हैं।
20.
पहरेदार
हटे, तो काम बने
हम सब का।
21.
नहीं सुहाते
दोनों घर, हमको
बिन कुर्सी के।
22.
नारी सुरक्षा
आकाश हुआ मौन
मत चिल्लाओ।
23.
सूखा ही सूखा
बादल हैं लाचार
रोती धरती।
24.
दीप तो जले
उजाला नहीं हुआ
दीप के तले।
25.
जागते रहो
कह कर, सो गया
पहरेदार।
26.
फसल कटी
बेचारे किसान की
ब्याज में पटी।
27.
हवा बचाओ
विषैली न बनाओ
मान भी जाओ।
28.
कर्तव्य करो
अधिकार मिलेगा
खुद व खुद।
29.
घड़ी की सुईं
टिक टिक कहती
टिकती नहीं।
30.
डूबता हुआ
सूरज बोल गया
कल आऊँगा।
31.
सूखे पलाश
बात है कुछ खास
मन उदास।
32.
दिवाली पर
सब दीप जलाएं
नहीं पटाखे।
33.
बिल की आग
बिलबिलाते कीड़े
भागमभाग।
34.
जब जब भी
मेरा मन पिघला
आँसू निकला।
35.
एक दो तीन
चार पाँच छःसात
आठ नो दस।
***
-आनन्द विश्वास


Tuesday 9 March 2021

“नेकी कर दरिया में डाल”

नेकी
 कर  दरिया में  डाल,
चलता जा तू अपनी चाल।
    तेरे   आगे   तेरी   मंज़िल,
    पूछ न  तू पाँवों  के  हाल।
चौविस  घण्टे  चारों  याम,
आगे कदम बढ़ा हर हाल।
    ये जग ग़म से अटा पड़ा है,
    आँसू ले ले खुशी उछाल।
पग-पग काँटे, बीहड़ जंगल,
मुश्किल का हल स्वयं निकाल।
    गहन तिमिर घनघोर अँधेरा,
    तम के आगे जला मशाल।
जाति-पाँत से ऊपर उठकर,
अपना मन तू बना विशाल।
    तेरे   ही   तुझको   खींचेंगे,
    कभी न करना कोई मलाल।
संघर्षों  का  नाम  जिन्दगी,
संघर्षों  में  खुद  को  ढाल।
    सुख-दुःख तो आते जाते हैं,
    अपने आँसू  स्वयं सम्हाल।
    -आनन्द विश्वास


Friday 5 March 2021

“कर-दर्शनम्”

सुबह
 सबेरे  उठकर  बच्चो,
सर्वप्रथम  कर-दर्शन करना।
      लेकर प्रभु का नाम और फिर,
      दौनों कर मस्तक पर रखना।
कर के अग्रभाग में बच्चो,
माँ लक्ष्मीं जी स्वयं विराजें।
      मध्य भाग  में  मातु  शारदे,
      और  मूल में  हरी  विराजें।
कर-दर्शन  हरि  दर्शन  होता,
दर्शन  से मन  निर्मल  होता।
      धन विद्या औ शुद्ध कर्म का,
      बीज अंकुरित  मन में होता।
सब तीर्थों  का वास  करों में,
दिव्य शक्ति-मय हाथ तुम्हारे।
      शुद्ध कर्म हों सारे दिन भर,
      सदा शक्तियाँ साथ तुम्हारे।
दौनों कर में शक्ति अपरिमित,
निर्भय  होकर   आगे  बढ़ना।
      धरती माँ को कर प्रणाम फिर,
      सीधा  पग धरती पर धरना।
सूर्योदय    से   पहले  उठकर,
सूरज का  अभिनन्दन करना।
      स्वर्णिम ओजमयी किरणों से,
      अपना जीवन उज्ज्वल करना।
            -आनन्द विश्वास