Monday 3 August 2020

"अश्रु गगन झकझोर दिया क्यूँ ?"

मेरा   सीमित   वातायन   था,
अपने  से  बस अपनापन था।
मेरा   अपनापन  सब  हर कर,
निज  अपनापन मेर दिया क्यूँ।
अश्रु गगन झकझोर दिया क्यूँ?
अनब्याहे   सपनों   को   तुमने,
अनचाहे   अपनों   को   तुमने।
वन-वन  का  वासी  था  मैं  तो,
स्वर्णिम आँचल छोर दिया क्यूँ।
अश्रु गगन झकझोर दिया क्यूँ?
नयनों   के   नीले   आँगन   से,
नीलम  के   गीले  आँचल  से।
सपनों  का  घर   वार   लूटकर,
बरबस रथ-पथ मोड़ दिया क्यूँ।
अश्रु गगन  झकझोर दिया क्यूँ?
किया  समर्पण   मैंने   किसको,
अनजाने   अपनाया   किसको।
ठगनी    माया    आनी   जानी,
राम भजन सब छोड़ दिया क्यूँ।
       अश्रु गगन  झकझोर दिया क्यूँ?
-आनन्द विश्वास

No comments:

Post a Comment