Saturday, 17 August 2013

देवम की चतुराई

देवम की चतुराई
( यह कहानी मेरे बाल उपन्यास *देवम बाल-उपन्यास* से ली गई है।  ...आनन्द विश्वास )

बहुत दिनों से देवम और उसकी मम्मी की इच्छा सोमनाथ-दर्शन की हो रही थी। पर कभी तो देवम के पापा के ऑफिस का काम, तो कभी देवम की पढ़ाई। बस, प्रोग्राम बन ही नहीं पाता था।
पर इस बार तो सभी रास्ते साफ थे। कोई भी रुकाबट नहीं थी और ऊपर से श्रावण मास। उस ऊपर वाले की लीला ही निराली है। वैसे भी जब भोले बुलाते हैं तो कोई मुश्किल आती भी नहीं है और उनकी इच्छा के बिना तो पत्ता भी नहीं हिल पाता तो फिर आदमी की तो बिसात ही क्या है। सच में, “ जेहि विधि राखे राम, तेहि विधि रहिए। ”
आश्रम ऐक्सप्रेस ट्रेन का तत्काल में रिज़र्बेशन कराया गया और टिकट कन्फर्म भी हो गये।
सभी जरूरी सामान और कपड़े अटेची और बैग में जमा लिये गये। देवम के पापा भी आज ऑफिस से दो बजे तक घर आ गये। देवम के पापा-मम्मी और देवम तैयार होकर लगभग ढाई बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुँच गये।
रेलवे स्टेशन पहुँच कर देवम के पापा को ट्रेन और सीट का पता चलाने में कोई परेशानी नहीं हुई। एस-2 स्लीपर कोच में तीन बर्थ थीं, देवम परिवार की। सभी सामान सीट पर व्यवस्थित कर लिया। देवम खिड़की के पास में बैठ गया और वैसे भी बच्चों को तो खासकर खिड़की के पास बैठना ही अधिक अच्छा लगता है। गाड़ी चलने में तो अभी काफी देर थी पर पहले पहुँचना ठीक ही रहता है।
सामने वाली सीट पर दो सज्जन लगभग तीस-बत्तीस साल के होंगे, उन्हें पहुँचाने के लिये तीन चार लोग भी आये हुये थे। उनके पास सामान के नाम पर तो बस दो ब्रीफ-केस ही थे सो उन्होंने अपनी बर्थ पर ही रख लिये थे।
कुछ व्यक्तियों में चुम्बकीय-आकर्षण होता ही है। जिन्हें देख कर उनसे बात करने की इच्छा होती है और कोई व्यक्ति, जिसने आपका कुछ भी न बिगाड़ा हो, फिर भी उससे घृणा होती है और उससे दूर हट जाने की इच्छा होती है। मन की कैमिस्ट्री ही कुछ अलग होती है। ये तो मन ही जाने।
देवम का मिलनसार स्वभाव और आकर्षक व्यक्तित्व अपने आप ही सबको अपनी ओर आकर्षित करने की क्षमता रखता है। 
सामने वाले सज्जन ने देवम से पूछ ही लिया,  “ आप कहाँ जा रहे हैं ? ”
“ हम यहाँ से अहमदाबाद जायेंगे और फिर वहाँ से सोमनाथ, देव-दर्शन के लिये। ” देवम ने बताया।
“ और आप कहाँ जा रहे हैं, अंकल ? ” देवम ने पूछा।
“ हम भी यहाँ से अहमदाबाद जायेंगे और फिर वहाँ से मुम्बई जाना है। ” अंकल का उत्तर था।
“ क्या नाम है तुम्हारा ? बड़े प्यारे लगते हो। ”  उनमें से एक ने पूछा।
“ देवम, और आपका अंकल ? ” देवम ने उत्तर के साथ ही प्रश्न कर दिया।
“ मेरा नाम शिवपाल सिंह और इनका राजपाल सिंह  है और हम लोग मेरठ के रहने वाले हैं। ” उनमें से एक ने उत्तर दिया।
थोड़ी देर तक वार्तालाप का दौर चला। गाड़ी का सिगनल हुआ, गार्ड साहब ने झंडी दिखा कर सीटी बजाई और गाड़ी चल दी। देवम बाहर का मन मोहक दृश्य देखने लगा।
एक के बाद एक स्टेशन आते रहे और जाते रहे। गाड़ी की गति कभी धीमी कभी तेज। जिन्दगी की तरह, कभी धीमी और कभी तेज।
किसी स्टेशन पर दो मिनट तो कहीं दस मिनट रुकती और फिर चल देती। अपनी मंज़िल की ओर। सभी को अपनी-अपनी मंज़िल तक पहुँचाने के लिए। 
टी.सी. बाबू आये। सभी के टिकट चैक किये। सभी सही यात्री थे फालतू का कोई भी नहीं। थोड़े बहुत जो लोकल पैसिन्जर थे, वे भी उतर चुके थे।
दोसा स्टेशन पर गाड़ी रुकी तो सामने वाले शिवपाल अंकल प्लेटफार्म पर उतरे, बिजली के खम्भे के नीचे खड़ा एक आदमी, जो शायद इनका ही इन्तज़ार कर रहा था, से कुछ बात की और फिर उसके पास से बैग लेकर, अपनी सीट पर आकर बैठ गये। बैग को सीट के नीचे रख दिया। देवम को कुछ अटपटा सा लगा, शंका भी हुई। आखिर कौन था जो अंकल को अपना बैग देकर चला गया ?
गाड़ी अपनी मंज़िल की ओर पल-पल बढ़ती जा रही थी। आखिर उसे भी तो सभी को अपनी-अपनी मंज़िल तक पहँचाना था। कभी कोई छोटा स्टेशन आता, चाय-गरम, चाय-गरम तो कभी ठंडा पानी की आवाज आती और फिर गाड़ी की रफ्तार बढ़ती तो आवाज बन्द हो जाती। गतिशील गाड़ी दौड़ने लगती अपनी अगली मंज़िल की ओर।
गाड़ी जयपुर रुकी। यहाँ पर लगभग दस मिनट का स्टोपेज था। देवम के पापा गाड़ी से नीचे उतरे प्लेटफार्म पर थोड़ा चहल कदमी करने और कुछ नाश्ता लेने के लिए भी। 
देवम के मन में विचार आया कि वह पापा से अंकल-चिप्स लाने के लिए सामने वाले शिवपाल अंकल के मोबाइल से बोल दे। ताकि इनका मोबाइल नम्बर पापा के मोबाइल में आ जायेगा।
उसने बड़ी चतुराई से सामने वाले शिवपाल अंकल से कहा, “ अंकल, जरा एक फोन करूँ ? पापा को। ”
“ हाँ हाँ, क्यों नहीं। ” उन्होंने देवम को मोबाइल देते हुए कहा। 
देवम ने पापा को फोन करके कहा, “ हाँ हलो पापा, मैं देवम बोल रहा हूँ। एक अंकल-चिप्स का पैकिट भी लेते आना। ”
“ अच्छा, और कुछ तो नहीं, अपनी मम्मी से भी पूछ लो।  ” पापा ने पूछा।
“ नही, और कुछ नही, पापा बस। ” देवम ने कहा।
सामने वाले अंकल को हँसी भी आई और देवम की दूरदर्शिता अच्छी भी लगी। शायद मोबाइल फोन की महत्ता का ज्ञान हुआ हो। देवम ने अंकल को धन्यवाद दिया और उनका मोबाइल उन्हें वापस कर दिया।
थोड़ी देर में देवम के पापा आ चुके थे। नाश्ता भी आ गया था और देवम के अंकल-चिप्स भी आ गये थे। सभी ने नाश्ता किया। कुछ घर का लाया हुआ और कुछ अभी लाया हुआ।
कुछ देर आराम करने के बाद, सोने की तैयारी होने लगी। देवम ने सबसे नीचे वाली बर्थ पर सोना पसन्द किया। पापा और मम्मी ऊपर वाली बर्थों पर सो गये। सामने वाले भी अपनी-अपनी बर्थ पर सो गये। 
रात का लगभग दो बजे का समय हुआ होगा। कोई छोटा स्टेशन रहा होगा, शायद फालना। गाड़ी दो मिनट के लिए रुकी और फिर चल दी।
देवम ने देखा कि सामने वाली बर्थ वाले दोनों अंकल अपनी बर्थ पर नहीं थे। दोनों बर्थ खाली थीं और ना ही उनका कोई सामान था।
देवम के मन में शंका हुई। अगर बाथरूम जाना था तो एक जाता, दोनों का न होना और वह भी सामान के साथ। जाना तो उन्हें अहमदाबाद से आगे मुम्बई तक था, पर बीच में ही क्यों उतर  गये।
शंका का होना लाज़मी था। उसने सीट के नीचे झुक कर देखा तो होश ही उड़ गये। नीचे एक बैग रखा था जिसमें से टिक-टिक की आवाज आ रही है। और यह तो वही बैग था जिसे दोसा स्टेशन पर उस आदमी ने शिवपाल अंकल को दिया था। समझते देर न लगी। शायद बम्ब था।
उसने तुरन्त ही पापा-मम्मी को जगाया। उन्होंने देख कर निश्चय कर लिया कि यह बम्ब ही है। तब तक पास के यात्री भी जग चुके थे।
इसकी सूचना देवम के पापा ने टी.सी.बाबू को दी। आनन-फानन में टी.सी.बाबू ने गार्ड और ड्रायवर को सूचित किया। अब तक तो कोच के सभी यात्री जाग चुके थे। साथ ही आगे-पीछे के कोच में भी यह खबर आग की तरह फैल गई थी।  रेलवे स्टाफ को सूचना मिलते ही सब हरकत में आ गये। उन्होंने यात्रियों को शान्ति और धैर्य बनाऐ रखने का निवेदन भी किया।
उधर यह सूचना तुरन्त पास के रेलवे स्टेशन अजमेर, आबू रोड, जयपुर और अहमदाबाद को भेजी गई। ताकि शीघ्र से शीघ्र, हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
रेलवे स्टाफ ने ऐसा निर्णय लिया कि इस एस-2 कोच को काट कर अलग कर दिया जाये। ताकि यदि समय रहते बम्ब डिफ्यूज़ न किया जा सका, तो भी कम से कम जान हाँनि से तो बचा ही जा सके और बड़ी होनारत को टाला जा सके।
रेलवे स्टाफ ने एस-2 स्लीपिंग कोच के सभी यात्रियों को शान्ति से जल्दी से जल्दी एस-2 कोच को खाली कर पास वाले कोच एस-1 और एस-3 में शिफ्ट होने को कहा। सभी यात्रियों ने शीघ्रता से कोच को खाली कर दिया। जब तक एस-2 कोच खाली हुआ, गाड़ी रुक चुकी थी।
रेलवे स्टाफ ने एस-2 और एस-3 कोच को अलग कर, इन्जन को आगे बढ़ा कर एस-2 कोच को एस-1 से अलग कर दिया। इस प्रकार केवल एस-2 कोच को काट कर अलग कर दिया गया था ताकि बम्ब-ब्लास्ट होने पर, कम से कम जान-हाँनि तो न ही हो।
बाकी ट्रेन को आगे ले जाकर रोक दिया गया। बस इन्तज़ार था तो बस, बम्ब निरोधक दस्ते का। जो बम्ब को डिफ्यूज़ कर कोच को सुरक्षित कर सके। पर समय रहते घटना-स्थल पर ना तो बम्ब निरोधक दस्ता ही पहुँचा और ना ही कोई सहायता।
बौगी तो रेल विभाग के कर्मचारी और यात्रियों के सहयोग से खाली की जा चुकी थी। और कुछ ही क्षणों के बाद बौगी में जबरदस्त विस्फोट हुआ। विस्फोट बड़ा भयंकर था। ऐसा लगा कि कान के पर्दे ही फट गये हों। दिल दहला देने वाला विस्फोट था। दूर-दूर तक बौगी के टुकड़े बिखर गये थे। आग की लपटें तो जैसे आकाश को ही छूना चाहतीं थीं।   
ट्रेन दो हिस्सों में बटी हुई खड़ी थी और बीच में धूँ-धूँ कर के जल रहा था एस-2 कोच। पूरे कोच के परखच्चे इधर-उधर बिखर गए थे। बिलकुल तहस-नहस हो गया था स्लीपिंग कोच एस-2।
उस ऊपर वाले का लाख-लाख शुक्रिया था जो कि सभी यात्री सुरक्षित थे किसी का बाल-बाँका भी न हुआ था। और कोई भी हताहत नहीं हुआ था। नुकसान हुआ था तो केवल कोच का।
लोग बस उस अनजान बालक को लाख-लाख दुआऐं दे रहे थे जिसकी बदौलत कि वे आज जिन्दा थे। कल्पना करते ही उनके रौंगटे खड़े हो जाते।
यदि ऐसा न हुआ होता तो क्या हुआ होता ? शायद खाक हो चुके होते वे और न जाने कहाँ-कहाँ बिखरे पड़े होते उनके मांस के लोथड़े। कितने परिवारों का क्या-क्या हुआ होता, ये सब तो कल्पना के परे था सोच पाना भी।
सुबह होते-होते तो रेल सुरक्षा बल, बम्ब निरोधक दस्ते और आई.बी. की टीम घटना स्थल पर पहुँच चुकीं थीं। पुलिस और आई.बी. की टीम ने आकर सभी परिस्थिति की जानकारी टी.सी. बाबू, गार्ड बाबू, रेलवे स्टाफ और ड्रायवर से प्राप्त की।
ए.टी.एस. और एन.आई.ए. की टीम ने जले हुए कोच का अध्ययन किया। शायद यह पता चलाने का प्रयास हो रहा हो कि बम्ब में कौन-सी सामिग्री का उपयोग किया गया है और इस ब्लास्ट के पीछे किस संगठन का हाथ हो सकता है। क्षति-ग्रस्त कोच अब एन.एस.जी. की निगरानी में था।
टी.सी. बाबू ने पुलिस, ए.टी.एस और आई.बी. के लोगों को देवम के पापा से मिलवाया। क्योंकि देवम के पापा और देवम ही एक मात्र ऐसे व्यक्ति थे जो कि आतंकवादियों के विषय में कुछ बता सकते थे।
देवम के पापा ने अपने मोबाइल में से आतंकवादियों का मोबाइल नम्बर ऑफीसर को बताया। जिस मोबाइल से देवम ने जयपुर में प्लेटफार्म से अंकल-चिप्स लाने के लिये पापा को फोन किया था। साथ ही वे जानकारियाँ दी जो उन्हें यात्रा के दौरान उनसे बातचीत करते समय मिल पाईं थीं। जो लोग इन्हें दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ने आये थे, उनके विषय में भी बताया।
यह मोबाइल नम्बर आई.बी के लिये बहुत महत्वपूर्ण था। आई.बी. के ऑफीसर ने हैड-ऑफिस को तुरन्त ही इस मोबाइल नम्बर को ट्रैस करने का निर्देश दिया।
साथ ही पुलिस और टास्क-फोर्स को भी निर्देश दिया कि वे उन आतंकवादियों का पीछा करें। देवम और देवम के पापा के सहयोग से आतंकवादियों स्कैच भी बनवाया गया जिसके आधार पर उन्हें पकड़ा जा सके।
देवम ने पुलिस अफसर को बताया कि मुझे इन दोनों लोगों पर शक तो दोसा स्टेशन पर ही हो गया था। जब एक आदमी बैग को लेकर प्लेटफार्म पर बिजली के खम्भे के नीचे खड़ा था और शिवराज सिंह ने नीचे उतर कर, उस आदमी से बात की और बैग लेकर ट्रेन में आ गया। उसके बाद ये दोनों आदमी बहुत चौकन्ने हो गये थे। और सोने की तैयारी करने के बजाय सीट खोल कर बैठ गये थे।
इनका मोबाइल नम्बर लेने के लिए ही मैंने जयपुर में पापा को फोन किया था और मैं नाटक करने में सफल हो गया। मैं सोया नही, जागता रहा और सोने का नाटक करता रहा। मैं चोर नज़र से इनकी गतिविधियों को देखता रहा। जैसे ही ये दोनों फालना स्टेशन पर उतरे और गाड़ी चली, मैने इन्हें प्लेटफार्म पर जाते हुए देखा तो तुरन्त ही मैं समझ गया कि ये गाड़ी से उतर कर जा चुके हैं। जरूर कुछ गड़बड़ है। मैंने पापा को जगा कर सब कुछ बताया।    
मीडिया का भारी जमाबड़ा था घटना-स्थल पर। कोई प्रेस वाला, तो कोई चेनल वाला। तरह-तरह के इन्टरव्यू लिए जा रहे थे। मीडिया ने देवम का इन्टरव्यू लिया। तरह-तरह के प्रश्न देवम से पूछे गये। देवम ने मीडिया के सभी प्रश्नों के सन्तोषजनक उत्तर दिये।
देवम के पापा और देवम को पुलिस की विशेष सुरक्षा प्रदान की गई। पुलिस और आई.बी. का मानना था कि उनकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही उनसे फिलहाल आगे की यात्रा न करने का अनुरोध भी किया। देवम के पापा ने उनके प्रस्ताव को उचित समझा और सोमनाथ न जाने का निर्णय लिया।
पुलिस ने अपनी सुरक्षा के अन्तर्गत देवम और देवम के पापा-मम्मी को दिल्ली पहुँचाने की व्यवस्था की। साथ ही देवम के घर और सोसायटी में भी पुलिस-फोर्स की कड़ी सुरक्षा प्रदान की गई।
देवम को जो पुण्य-फल सोमनाथ में भोले बाबा के दर्शन करके प्राप्त नहीं हो पाता, उस फल से लाख गुना अधिक पुण्य-फल भोले शंकर ने भोले यात्रियों की जान बचवा कर देवम को दे दिया। शायद भोले बाबा यही चाहते हों, और देवम को उन्होंने इस पुण्य-कार्य का माध्यम बनाया हो। उनकी लीला तो वे ही जाने।
उधर पुलिस, टास्क फोर्स के साथ, आतंकवादियों के मोबाइल फोन के लोकेशन को ट्रेस करते हुए आतंकवादियों के पास तक पहुँच चुकी थी। आतंकवादियों को चारों ओर से घेरा जा चुका था।
दौनों ओर से फाइरिंग चालू हो गई थी। फाइरिंग दो पुलिस-कर्मी शहीद हो गये थे और एक आतंकवादी मारा जा चुका था। दो घण्टों के कड़े संघर्ष के बाद दूसरे आतंकवादी को जिन्दा पकड़ने में पुलिस सफल हो गई।
आतंकवादियों को उम्मीद भी न थी कि पुलिस इतनी जल्दी उन तक पहुँच जायेगी। शायद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ होगा या नही, पर यह सत्य था कि यदि देवम के द्वारा दिया गया मोबाइल नम्बर पुलिस के पास नहीं होता तो शायद पुलिस आतंकवादियों तक कभी भी नहीं पहुँच सकती थी।
आई.जी. पुलिस और रेलवे स्टाफ ने देवम के इस कार्य की खूब-खूब सराहना की। आई.जी. पुलिस ने तो मीडिया को दिये गये अपने इन्टरव्यू में इस बात का उल्लेख भी किया और देवम की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की।
बाद में पता चला कि वे दोनों शिवपाल और राजपाल नहीं थे वल्कि खूँख्वार आतंकवादी अज़मल खान और मंसूर अली थे। इनके तार मुम्बई बम्ब-ब्लास्ट से भी जुड़े हुए थे, ऐसा पुलिस का मानना था। इन दोनों आतंकवादियों की तो इंटरपोल को भी तलाश थी।
इनकी सूचना देने वाले को सरकार ने दो-दो लाख रुपये के इनाम भी घोषित किये हुए थे। देवम की चतुराई और दूरदर्शिता ने, एक को जिन्दा और एक को मुर्दा सरकार तक पहुँचा दिया।
खूँख्वार आतंकवादी मंसूर अली मुठभेड़ में मारा गया और अज़मल खान अब पुलिस की गिरफ्त में है।
दूसरे दिन सभी समाचार-पत्रों में जलती हुई बौगी के दृश्य थे और हैड लाइन थी, धूँ-धूँ जलती ट्रेन, चतुर बालक देवम ने बचाई लाखों जान। तो किसी पेपर की हैड-लाइन थी, बहादुर देवम की चतुराई से एक खूँख्वार आतंकवादी मारा गया और दूसरा पकड़ा गया। 
टी.वी. और चेनल वालों ने देवम के इन्टरव्यू को विशेष कबरेज़ के साथ प्रसारित किया।
कुछ दिनों के बाद पुलिस विभाग द्वारा देवम के सम्मान में एक समारोह रखा गया। जिसमें देवम को चार लाख रुपये का एक चैक और प्रशस्ति-पत्र आई.जी. द्वारा प्रदान किया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि देवम का नाम उन बहादुर बच्चों की लिस्ट में शामिल करने के लिए सरकार को भेज दिया गया है जिन्हें गणतंत्र-दिवस समारोह में सम्मानित किया जाना है।
देवम बहुत खुश था और शायद उससे कई गुना अधिक देवम के मम्मी-पापा और दादा जी।
देवम ने पापा की अनुमति लेकर पैसे सोसायटी वैलफेयर-फंड में जमा करा दिये। ताकि यह धन-राशि समाज के गरीब एवं दलित-वर्ग के लोगों के उत्थान में काम आ सके। और प्रशस्ति-पत्र ड्रोइंग-रूम में टंगवा दिया।


*****  

Wednesday, 10 April 2013

बगीचा

*बगीचा*
मेरे   घर   में    बना   बगीचा,
हरी घास  ज्यों बिछा गलीचा।
गेंदा,   चम्पा    और   चमेली,
लगे  मालती   कितनी प्यारी।
मनीप्लान्ट   आसोपालव   से,
सुन्दर   लगती   मेरी  क्यारी।
छुई-मुई  की  अदा  अलग  है,
छूते   ही   नखरे   दिखलाती।
रजनीगंधा  की  बेल  निराली,
जहाँ जगह मिलती चढ़ जाती।
तुलसी  का  गमला  है  न्यारा,
सब  रोगों   को  दूर  भगाता।
मम्मी हर  दिन  अर्ध्य चढ़ाती,
दो  पत्ते   तो   मैं  भी  खाता।
दिन में सूरज, रात को चन्दा,
हर  रोज़  मेरी बगिया आते।
सूरज  से   ऊर्जा  मिलती  है,
शीतलता   मामा   दे  जाते।
रोज़  सबेरे  हरी  घास पर,
मैं  नंगे  पाँव   टहलता  हूँ।
योगा  प्राणायाम और फिर,
हल्की   जोगिंग  करता  हूँ।
दादा जी आसन सिखलाते,
और ध्यान  भी  करवाते हैं।
प्राणायाम, योग  वो  करते,
और  मुझे  भी  बतलाते  हैं।
और शाम  को चिड़िया-बल्ला,
कभी-कभी   तो  कैरम  होती।
लूडो,  सांप-सीढ़ी   भी  होती,
या दादा जी से गप-सप होती।
फूल  कभी  मैं   नहीं  तोड़ता,
देख-भाल  मैं  खुद ही करता।
मेरा  बगीचा  मुझको  भाता,
इसको साफ  सदा  मैं रखता।
जग भी  तो है  एक  बगीचा,
हरा-भरा  इसको  करना  है।
पर्यावरण    सन्तुलित    कर,
धरती  को   हमें  बचाना  है।
                                     ...आनन्द विश्वास

Sunday, 3 March 2013

*फूल नहीं तोड़ेंगे हम*

*फूल नहीं तोड़ेंगे हम*

(यह कहानी मेरे उपन्यास
*देवम बाल-उपन्यास*
से ली गई है।)
...आनन्द विश्वास

14 नवम्बर, बाल दिवस, बच्चों के प्यारे चाचा नेहरू का जन्म-दिवस, देवम के स्कूल में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। सभी छात्र बड़े उत्साह और उमंग के साथ इस दिवस को मनाते हैं।
स्कूल में इस दिन बच्चों के लिये भिन्न-भिन्न प्रकार की  प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। शिक्षक-गण एवं विद्यार्थियों द्वारा नेहरू जी के जीवन, दर्शन और अन्य प्रेरक-प्रसंगों की चर्चा की जाती है। विद्यार्थी चाचा नेहरू के विषय में अपने-अपने अनुभव और विचार बाल-सभा में रखते हैं।
खेल-कूद एवं चित्र-स्पर्धा का आयोजन भी किया जाता है इस दिन। प्रोत्साहन हेतु कुछ पुरस्कार भी दिये जाते हैं और इस बार तो चाचा नेहरू के जीवन-दर्शन पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है।
स्कूल का कार्यक्रम शुरू होने में थोड़ा समय था अतः देवम और उसके साथियों ने सोचा कि क्यों न कुछ देर के लिए बगीचे में घूमा जाय। सभी छात्रों के बीच आज की चर्चा का मुख्य विषय चाचा नेहरू जी ही थे।
किसी ने कहा, “ चाचा नेहरू शान्ति-दूत थे, उन्होंने विश्व-शान्ति के लिये अनेक प्रयास किये। ‘ भारत की खोज ’ पुस्तक उन्हीं की लिखी हुई है। ”
सरल ने कहा, “ चाचा नेहरू ने ही हमें अंग्रेजों से आज़ादी दिलाई थी। पहले हमारा देश गुलाम था और आज हम आजाद हैं। ”
गज़ल को बगीचे में गुलाब का फूल दिखाई दे गया, उसने कहा, “ चाचा नेहरू को तो गुलाब का फूल बहुत ही पसन्द था वे हमेशा अपने कोट और जाकेट पर गुलाब का फूल लगा कर ही पहनते थे। ”
और अचानक गज़ल के मन में विचार आया क्यों न एक गुलाब का फूल मैं भी अपने बालों में लगाऊँ ? ऐसा विचार कर उसने एक गुलाब का फूल तोड़ लिया।
देवम को यह अच्छा न लगा और देवम को ही क्यों, उसके दूसरे साथियों को भी अच्छा न लगा। उसने गज़ल से पूछा, “ तुमने गुलाब का फूल क्यों तोड़ा है ? ”
“ मुझे अच्छा लगा मैंने तोड़ लिया, इसमें क्या ? ” गज़ल ने उत्तर दिया।
“ क्या तुम्हें मालूम नहीं है यहाँ फूल तोड़ना मना है, फिर भी ? और यहाँ ही क्यों, कहीं भी, कोई भी, फूल तोड़ना कोई अच्छी बात तो होती नहीं है। ” देवम की इस बात का समर्थन उसकी सहेली शीला और शालिनी ने भी किया।
“ पर सब चलता है। ” गज़ल ने बड़ी लापरवाही से उत्तर दिया।   
“ पर कानून और नियमों का पालन करना तो हमारा नैतिक कर्तव्य होता है। यह हमें नहीं भूलना चाहिये। ” देवम ने गज़ल को समझाते हुए कहा।
“ अच्छा, फिर भी तुम इस फूल का क्या करोगी ? ” देवम ने फिर पूछा।
“ कुछ नहीं, बस यूँ ही, मैं अपने बालों में लगाऊँगी। ” गज़ल ने इतराते हुये कहा।
“ पर इस फूल को बालों में लगाने से तुम्हारी सुन्दरता में क्या फर्क पड़ेगा ? ” देवम ने पूछा।
“ तुम्हें इससे क्या ? इसे बालों में लगाने का फैशन है। सब कोई लगाते हैं, अपने को सुन्दर दिखने के लिये। मैं भी  इसे अपने बालों में लगाऊँगी। ” गज़ल ने उत्तर दिया।
 “ पर सुन्दर दिखने के लिये, तुमने तो सुन्दर हँसते खिलते फूल को डाली से तोड़ कर उसकी हत्या ही कर डाली। अरे, तुम तो हत्यारी हो, तुम सुन्दर कैसे हो सकती हो ? ” देवम ने घृणा और उपेक्षा के भाव से कहा।
 “ फूलों को तोड़ने से कोई हत्या थोड़े ना हो जाती है। ये कोई जानदार थोड़े ना होते हैं। ” गज़ल ने दलील दी।
“ हाँ, पेड़-पौधे भी जीवन होता हैं और वे भी हमारी तरह ही श्वसन क्रिया भी करते हैं। हमारी तरह उनमें भी जान होती है। हमें कभी भी फूल नहीं तोड़ना चाहिये। ” अनन्या ने देवम की बात का समर्थन करते हुए कहा।
“ अच्छा, बाबा चलो बस, अब मैं कभी भी फूल नहीं  तोड़ूँगी। ” गज़ल ने अपनी गलती स्वीकारते हुये कहा।
देवम ने गज़ल को समझाते हुये कहा कि, “ गुलाब सुन्दर होता है। यह सच है और मानव-मन उससे भी ज्यादा सुन्दर होता है। पर क्या हमें अपनी सुन्दरता बढ़ाने के लिये, हँसते-खिलते गुलाब को तोड़ कर, उसकी हत्या कर देनी चाहिये ? फूल तो डाली पर ही हँसते-खिलते अच्छे लगते हैं, न कि बालों में। ”
जरा सोचो, जिस प्रकार तुम गुलाब को तोड़ कर अपने बालों में लगा कर अपनी सुन्दरता में बृद्धि करना चाहते हो, ठीक उसी प्रकार यदि गुलाब भी तुमसे कहे कि आपके हाथ बहुत ही सुन्दर हैं। आप अपने हाथों को काट कर मुझे दे दो, मैं आपके सुन्दर हाथों को अपने काँटों के साथ लगा कर अपनी सुन्दरता में बृद्धि करना चाहता हूँ।
तो क्या तुम गुलाब को अपने हाथ काट कर देने के लिये सहर्ष तैयार हो जाओगे ?
नहीं, ना ?  और हरगिज़ नहीं। या फिर हाँ ?
फिर जो व्यवहार तुम्हें पसन्द नहीं, वैसा व्यवहार तुम दूसरों के साथ क्यों करते हो ? अगर तुम किसी से कुछ लेते हो तो उसे कुछ देने के लिये भी तो तुम्हें तैयार रहना चाहिए। व्यवहार तो यही होता है।
गज़ल को देवम और उसके साथियों की बात पसन्द आई और उसने अपनी गलती को स्वीकार किया और फूल न तोड़ने का वचन भी दिया।    
और इतनी ही देर में घण्टी बज गई, अतः देवम और उसके सभी साथी अपनी-अपनी कक्षाओं में चले गये। कक्षा में हाजिरी ली गई और फिर सभी कक्षाएँ सभाखण्ड में एकत्रित हुईं, जहाँ प्रार्थना एवं भाषण आदि का कार्यक्रम था।
देवम ने गज़ल को तो समझा दिया और शायद वह उसकी बात समझ भी गई और सहमत भी हो गई। 
पर देवम अपने आप को नहीं समझा पा रहा था। वह सोच रहा था कि मम्मी कहतीं हैं, “ हमें फूल नहीं तोड़ना चाहिये। ” पापा कहते हैं, “ हमें फूल नहीं तोड़ना चाहिये। ” मैडम कहती हैं, “हमें फूल नहीं तोड़ना चाहिये।” और मेरा मन भी कहता है,“हमें फूल नहीं तोड़ना चाहिये।”
तो फिर चाचा नेहरू हर रोज़ एक गुलाब का फूल तोड़ कर अपने कोट पर क्यों लगाते थे ?
क्यों हर रोज़ गुलाब और फूलों की अनगिन मालाऐं मन्दिर, मस्जिद और गुरुद्वारों में चढ़ाईं जातीं हैं ? क्या ये फूलों की बलि नहीं है ? भेंसों, बकरों, सुअर और भेड़ की बलि और फूलों की बलि में क्या कोई अन्तर है ? जानदार तो फूल भी हैं।
और शायद इसीलिए हम भेंसों, बकरों, सुअर, भेड़ और फूलों की बलि का विरोध भी नहीं करते, क्योंकि हम एक शरीफ इन्सान हैं।
बाल-मन में उठा विचार, जो विद्वानो को भी सोचने को विवश कर दे। उसके मन में विचार आया कि भाषण देने के लिये जब उसका नम्बर आयेगा तो वह अपनी बात सभी के सामने जरूर रखेगा। ।
प्रार्थना के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नेहरू जी के जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उनकी अच्छी-अच्छी आदतों की चर्चा की। विद्यार्थियों को अनेक ज्ञान-वर्धक बातें तथा अनेक प्रेरक-प्रसंग बताए गए।
देवम ने नेहरू जी के प्रेरणा-पुंज गुलाब के विषय में अपने विचार व्यक्त किये। उसने बताया कि चाचा नेहरू का प्रेरणा-पुंज गुलाब, मेरा भी प्रेरणा-पुंज है।
चाचा नेहरू अपने प्रेरणा-पुंज गुलाब को सदैव अपने पास में रखने पसन्द करते थे। डाल से तोड़कर, अपने कोट या जाकेट पर लगा कर। पर मैं तो चाहता हूँ कि मेरा प्रेरणा-पुंज गुलाब, सदैव डाल पर ही खिलखिलाता रहे, सदा मुस्कुराता रहे और उसे डाली से कोई भी न तोड़े।
गुलाब तो काँटों के बीच में ही खिलता हुआ अच्छा लगता है, विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष का दूसरा नाम ही तो गुलाब है। काँटों के बीच में रह कर, अपने आप की चिन्ता किये बिना, सदा मुस्कुराते रहना, तो अच्छे-अच्छों के वश की बात नहीं होती है।
हर परिस्थिति में, हर पल, हर घड़ी, हँसते रहना तो कोई गुलाब से सीखे। इसी दृढ़-संकल्प और आत्म-विश्वास के कारण ही तो गुलाब, मेरा प्रेरणा-पुंज है। जो सदैव मुझे संघर्ष-मय जीवन जीने की प्रेरणा देता रहता है।
यदि हम वास्तव में गुलाब और उसके संघर्ष को सही सम्मान देना चाहते हैं तो हमें चाहिये कि हम कम से कम एक-एक गुलाब का पौधा अवश्य ही लगायें और गुलाब को या किसी भी फूल को कभी भी न तोड़ने का संकल्प भी लें।
गुलाब के फूल को डाली से तोड़ लेना, किसी को भेंट कर देना, खुद उसका उपयोग करना या फिर फूलों की बनी अनगिन मालाओं को मन्दिर, मस्जिद और गुरुद्वारों में चढ़ा देना, क्या ये फूलों की बलि नहीं है ? जानदार तो फूल भी होते हैं।
क्या हमें भेंसों, बकरों और फूलों की बलि का विरोध नहीं करना चाहिए ? बलि तो बलि ही होती है, भेंसों, बकरों और फूल में फर्क ही क्या है।  जीव-हत्या तो होती ही है।
और सच में तो आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम कभी भी फूल नहीं तोड़ेंगे और कम से कम एक-एक गुलाब का पौधा तो अवश्य ही लगायेंगे।
बाल-दिवस का मनाना तभी सफल होगा जब सभी ओर खिलते हुये गुलाब के फूल हमें संघर्षों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।
देवम के प्रभावशाली विचार ने सभी को सोचने के लिये विवश कर दिया। कुछ ने तो देवम के वक्तव्य को चाचा नेहरू की आलोचना की संज्ञा दी। पर मौलिक विचार ने विद्वानों को सोचने के लिये विवश तो कर ही दिया।
प्राचार्या आरती मैडम, देवम के विचार और राय से प्रभावित हुये बगैर न रह सकीं। उन्होंने देवम के परामर्श को  सही और सकारात्मक बताया और घोषणा की कि अब से हर बर्ष बाल-दिवस के अवसर पर स्कूल के द्वारा एक सौ एक गुलाब के पोधे लगाये जाया करेंगे और सभी विद्यार्थियों से संकल्प करवाया गया कि हम भविष्य में कभी भी कोई भी फूल नहीं तोड़ेंगे।
प्राचार्या आरती मैडम ने देवम के मौलिक विचारों की खूब-खूब प्रशंसा की और सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्कूल के द्वारा लिये गये निर्णय का स्वागत किया और सब ने मिल कर एक ही स्वर में कहा, “ फूल नहीं तोड़ेंगे हम।”
...आनन्द विश्वास
*****