Thursday 26 April 2012

बुरा न बोलो बोल रे.


बुरा न बोलो बोल रे.
.....आनन्द विश्वास.
बुरा न देखो,  बुरा सुनो ना,  बुरा न बोलो बोल रे,
वाणी में मिसरी तो घोलो,  बोल-बोल को तोल रे।
मानव  मर जाता है लेकिन,
शब्द  कभी  ना   मरता  है।
शब्द-बाण से आहत मन का,
घाव  कभी  ना   भरता  है।
सौ-सौ बार सोच कर बोलो, बात यही अनमोल रे,
बुरा न देखो,  बुरा सुनो ना,  बुरा न बोलो बोल रे।
पांचाली  के  शब्द-बाण से,
कुरूक्षेत्र   रंग  लाल  हुआ।
जंगल-जंगल  भटके पांडव,
चीरहरण, क्या हाल  हुआ।
अच्छा  बोल सको तो बोलो, वर्ना मुँह मत खोल रे,
बुरा न देखो,  बुरा सुनो ना,  बुरा न बोलो बोल रे।
जो   देखोगे   और  सुनोगे,
वैसा  ही  मन  हो जायेगा।
अच्छी  बातें, अच्छा दर्शन,
जीवन  निर्मल हो जायेगा।
अच्छा मन,सबसे अच्छा धन, मनवा जरा टटोल रे,
बुरा न देखो,  बुरा सुनो ना,  बुरा न बोलो बोल रे।
कोयल  बोले  मीठी वाणी,
कानों   में   रस   घोले  है।
पिहु-पिहु मन मोर नाचता,
सबके   मन   को  मोहे  है।
खट्टी अमियाँ  खाकर मिट्ठू,  मीठा-मीठा  बोल  रे।
बुरा न देखो,  बुरा सुनो ना,  बुरा न बोलो बोल रे।

(काव्य-माधुरी संस्थान कनाडा द्वारा आयोजित 
कवि-सम्मेलन में श्री सुरेन्द्र पाठक जी 
द्वारा किया गया मेरी कविता 
*बुरा न बोलो बोल रे* 
का काव्य-पाठ।) 

                                   .....आनन्द विश्वास.



1 comment:

  1. कोटि-कोटि धन्यवाद।
    अपना स्नेह बनाये रखियेगा।

    आनन्द विश्वास।

    ReplyDelete